आंगनबाड़ी, आशा व रसोइयों ने घेरा सांसद का कार्यालय, ज्ञापन
- विभिन्न मांगों के समर्थन में सीटू के नेतृत्व में निकाला जुलूस
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। केंद्रीय बजट प्रस्ताव में आवंटित धनराशि की कटौती रोके जाने सहित अन्य मांगों के समर्थन में आंगनबाड़ी, आशा व रसोइयों ने शुक्रवार को विकास भवन स्थित सांसद हरीश द्विवेदी का कार्यालय घेरा। यहां सांसद प्रतिनिधि राजेश पाल चौधरी को सात सूत्री ज्ञापन दिया।
राष्ट्रीय नेतृत्व आह्वान पर सीटू से संबद्ध आंगनबाड़ी कर्मचारी यूनियन, आशा कर्मचारी यूनियन व मिड-डे मील रसोइया कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारी व कार्यकर्ता सीटू नेता कामरेड केके तिवारी के नेतृत्व में सीटू कार्यालय से जुलूस निकाला। इसके बाद वे विकास भवन स्थित सांसद हरीश द्विवेदी के कार्यालय पहुंचे।
ज्ञापन में बजट कटौती न करने, आशा, आंगनबाड़ी, संगिनी को तृतीय श्रेणी व रसोइया को चतुर्थ श्रेणी का कर्मचारी घोषित करने, न्यूनतम मानदेय 26 हजार रुपये प्रति माह किए जाने, पेंशन, ग्रेच्युटी सहित अन्य सामाजिक सुरक्षा दिए जाने, परियोजनाओं के निजीकरण न किये जाने, नई शिक्षा नीति तथा चारो लेबर कोड वापस लिए जाने, पोषण ट्रैकर एप, हेल्थ मिशन सहित प्रदेश में रसोइयों के पाल्य, नवीनीकरण व्यवस्था समाप्त किये जाने की मांग शामिल है।
इस मौके पर आशा संगठन के नेता जगराम यादव व फूल चंद्र चौधरी के अलावा ध्रुव चंद, राम निरख यादव, कुसुम, सिताबा, दुर्गावती, संतोष पांडेय, अनारी, सीता आदि मौजूद रहीं।