कप्तानगंज। पंजाब से बाइक से गोरखपुर जा रहा युवक कप्तानगंज थाना क्षेत्र के खजुहा गांव के निकट सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया। पंजाब के होशियारपुर जिले के हाजीपुर के रहने वाले साहिल ने बताया कि उसका गोरखपुर की एक युवती से प्रेम संबंध है। मंगलवार को उसका जन्मदिन था। जन्मदिन मनाने के लिए वह बाइक से गोरखपुर जा रहा था। मंगलवार सुबह 11 बजे कप्तानगंज थाना क्षेत्र के खजुहा गांव के निकट ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। साहिल (18) गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने उसको सीएचसी कप्तानगंज पहुंचाया। प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। डॉक्टरों के मुताबिक युवक का दोनों पैर टूट गया है। पुलिस ने युवक के परिजनों और युवक की प्रेमिका को फोन के जरिए सूचना दे दी है। संवाद