महादेवा (बस्ती)। परीक्षा देकर लौटते वक्त पत्थर से घायल हुए छात्र ने बुधवार सुबह मेडिकल कॉलेज लखनऊ में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। परिवार के लोग शव लेकर शाम पांच बजे पाकरडाड़ पहुंचे और बस्ती-महुली मार्ग पर शव वाहन खड़ा करके जाम लगा दिया। वह लोग लालगंज पुलिस पर मामले के अल्पीकरण और आरोपियों को छोड़ देने का आरोप लगाते हुए नारेबाजी करने लगे।
मौके पर मुंडेरवा और लालगंज थाने की पुलिस पहुंची। उनके काफी प्रयास के बाद भी लोग नहीं मानें। बाद में सीओ रुधौली प्रीति खरवार व नायब तहसीलदार के कार्रवाई आश्वासन के बाद देर शाम साढ़े छह बजे उन्हें राजी किया गया।
थानाध्यक्ष महेश सिंह ने बताया कि शव को लखनऊ में ही पोस्टमार्टम कराया गया है। मामले में सिर पर प्राणघातक हमले के आरोप में मुकदमा पहले ही दर्ज किया गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मुकदमे को गैरइरादतन हत्या की धारा में तरमीम किया जाएगा। लालगंज थाने के पाकड़डाड़ निवासी बेलाल (17) पुत्र इकबाल 21 फरवरी को अपने मित्र राज सोनी पुत्र प्रदीप सोनी तथा शिवम पुत्र महेश सोनी के साथ बाइक से लालगंज के रामनरेश इंटर कॉलेज से हाईस्कूल गणित की परीक्षा देने गया था। दिन में करीब साढ़े 11 बजे लौटते वक्त लालगंज-महादेवा मार्ग पर बारीघाट के पास किसी ने पत्थर फेंका। जो बीच में बैठे बेलाल के सिर में लगा और वह जख्मी हो गया था। उसे उसके साथी राज व शिवम प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनकटी ले गए। यहां से डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां से उसे मेडिकल कॉलेज लखनफ भेज दिया गया।
बेलाल के बड़े पिता मोहम्मद नासिर की तहरीर पर पुलिस ने आईपीसी 308 के तहत केस दर्ज किया था। थानाध्यक्ष महेश सिंह ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। जांच में आरोपी एक नाबालिग निकला। मुकदमे को गैरइरादतन हत्या की तहरीर में तरमीम कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
-
दूसरे से हुआ झगड़ा, बेलाल ने जान गंवाई
- आठ भाई-बहनों में बेलाल छठे नंबर पर था। उसके बड़े भाई मेराज, सिराज, आरिफ, बहन आयसा, गजाला, शाहीन, साहिमा एवं मां किस्मतुन्निशा का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के लोगों का कहना है कि घटना के कुछ दिन पहले किसी और से झगड़ा हुआ था। मगर आरोपियों ने बेलाल के ऊपर पत्थर से हमला कर दिया। गांव के लोगों का कहना है कि बेलाल बेहद सीधा और मिलनसार लड़का था। उसका किसी से कभी कोई झगड़ा नहीं हुआ था।