नदी में नहाने गया वृद्ध लापता, तलाश में जुटी पुलिस और गोताखोर
छावनी थाने के छतौना गांव के निवासी हैं झिन्नू प्रसाद
संवाद न्यूज एजेंसी
विक्रमजोत। छावनी क्षेत्र के छतौना गांव के निकट सरयू नदी की शाखा टेढ़ी नदी में नहाने गया 72 वर्षीय बुजुर्ग पानी में डूब कर लापता हो गया। मंगलवार सुबह 11 बजे गांव के झिन्नू प्रसाद निवासी छतौना वीडी (विक्रमजोत-धुसवा) तटबंध के समीप टेढ़ी नदी के घाट पर नहाने गए। काफी देर तक उनके घर नहीं लौटने पर परिवार के लोग उनकी तलाश करते हुए नदी किनारे घाट पर पहुंचे। वहां निर्माणाधीन पीपे के पुल के समीप उनका कपड़ा, तौलिया और चप्पल इत्यादि मिला। आसपास काफी खोजबीन की गई। तब किसी माध्यम से पता चला कि वह नदी में नहाने उतरे थे, लेकिन पानी के तेज बहाव में संतुलन खो बैठे और धारा के साथ बह गए। जानकारी होते ही छावनी थानाध्यक्ष उमाशंकर त्रिपाठी और चौकी प्रभारी योगेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। स्थानीय गोताखोरों (तैराकों) की मदद से तलाश में जुट गए। समाचार लिखे जाने तक उनका कोई पता नहीं चल सका था।