- सोनहा थाने में मुकदमा दर्ज कर छानबीन में जुटी पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
सोनहा। थाना क्षेत्र के बनरही जंगल गांव के पंडित पुरवा के दो घरों में शुक्रवार रात सेंध लगाकर घर में रखा सारा सामान चोर उठा ले गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने वारदात की छानबीन की। गांव के बाहर खेत में एक खाली संदूक मिला है।
बनरही जंगल गांव के सोनी पत्नी चंद्र प्रकाश ने सोनहा थाने में तहरीर देकर बताया कि चार जोड़ी पायल, एक मंगलसूत्र, दो जोड़ी बिछिया, सोने की एक तितली, एक अंगूठी, दो हजार रुपये, सोने का दो कील चोरी हुई है। दूसरी तरफ एक अन्य गणेश के घर से भी चोर बक्से में रखी दो जोड़ी पायल, फूल की एक थाली तथा एक हजार रुपये चोरी कर ले गए। गणेश के घर के पश्चिम मेंं सरसों के खेत में खाली बक्सा छोड़ गए। गणेश ने बताया कि इससे पहले भी चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया है।
प्रभारी निरीक्षक रवींद्र सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर चोरी का मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।