बभनान (बस्ती)। गोरखपुर-गोंडा रेल खंड के बभनान स्टेशन से करीब दो किलोमीटर पूरब डाउन ट्रैक पर जा रही लोक मान्य तिलक सुपरफास्ट ट्रेन की चपेट में आने से किशोरी की मौत हो गई। ट्रेन के चालक ने गाड़ी रोक कर वॉकी टॉकी से बभनान रेलवे स्टेशन मास्टर सूचना दी। उसके बाद ट्रेन को आगे बढ़ाया। स्टेशन मास्टर की सूचना पर पहुंची पैकोलिया पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रविवार सुबह करीब साढ़े दस बजे नगर पंचायत बभनान के गौर थाना क्षेत्र के भटहा अमरुतहिया निवासी फूल कुमारी (17) पुत्री कोनू सोनकर गड़हादलथम्हन गांव के समीप बकरी चराने गई थी। इसी बीच डाउन ट्रैक पर ट्रेन आ गई। उसकी चपेट में आने से फूल कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर परिजन भी रेलवे ट्रैक पर पहुंच गए। थानाध्यक्ष योगेंद्र कुमार ने बताया कि स्टेशन मास्टर की सूचना पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।