बिहार व नेपाल तक की व्यवसायियों से सजता है मेला
संवाद न्यूज एजेंसी
सल्टौआ। विशुनपुरवा गांव स्थित बगढ़रवा बाग के शिव मंदिर परिसर में मौनी अमावस्या पर्व पर मेला लगेगा। तीन दिवसीय इस मेले में नेपाल व बिहार तक के दुकानदार आते हैं।
यूपी के कानपुर, बुलंदशहर, बहराइच, गोरखपुर, कुशीनगर आदि जिलों के व्यवसायी बगढ़रवा बाग पहुंचने शुरू हो गए है। यह मेला लकड़ी के सामान के लिए जाना जाता है। 22 बीघे के बगढ़रवा बाग में बने मंदिर के बारे में किंवदंती है कि गांव के ही उदित नारायण चौधरी शादी के कई साल तक संतान सुख से वंचित रहे। संतान प्राप्ति के लिए उपाय पूछने पर पुरोहितों ने उदित नारायण को शिव मंदिर बनवाकर पूजन-अर्चन शुरू करने की युक्ति बताई।
पुरोहितों के परामर्श पर उदित नारायण ने बगढ़रवा बाग में शिव मंदिर का निर्माण कराया और एक पोखरा खोदवा कर वहां पूजन-अर्चन शुरू किया। शिव की अराधना से उदित नारायण को पांच पुत्र शिव सरन, शिवदीन, शिव प्रसन्न, शिव नरायन, शिव अंबर व एक पुत्री शिव भानी प्राप्त हुई। तब से लेकर अब तक मंदिर परिसर में मौनी अमावस्या पर मेला व पूजा पाठ की परंपरा बनी हुई है।