बस्ती। कप्तानगंज थाना क्षेत्र में मारपीट की घटना को लेकर कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज किया गया है। दुधौरा निवासी अमीना खातून ने आरोप लगाया है कि 12 जुलाई को विपक्षियों ने उनके घर में घुसकर सामान बाहर निकालना शुरू कर दिया। विरोध करने पर मारपीट की। बचाने आए बेटे को लाठी से पीटा और जान से मारने के लिए गला दबाया। महिला के सिर पर ईंट से वार किया गया और दूसरे बेटे को भी पीटा गया। पीड़िता का आरोप है कि मारपीट के दौरान घर में रखे दो लाख रुपये के जेवरात भी लूट लिए गए। थानाध्यक्ष आलोक श्रीवास्तव ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर हरदी खास निवासी मो. नजीर, मो. बशीर, आजाद, नजमा, करीदुन व दो अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। जांच में लूटपाट का आरोप सत्यापित न होने पर संबंधित धारा हटा दी गई है। संवाद