अंतर्गत अजगैवा जंगल के गोशाला पर काम करते थे राम लुटावन
संवाद न्यूज एजेंसी
टिनिच (बस्ती)। गौर थाना क्षेत्र के टिनिच पुलिस चौकी अंतर्गत अजगैवा जंगल के गोशाला पर काम कर रहे श्रमिक को सोमवार शाम बिगड़ैल सांड़ ने मार डाला। उसी ग्राम सभा के बजहिया निवासी 50 वर्षीय राम लुटावन गायों को चारा डाल रहे थे। उसी समय गोशाला से बाहर चर रहा बिगड़ैल सांड़ जाली फांद कर अंदर आ गया और राम लुटावन पर हमला कर दिया।
जब तक लोग कुछ समझ पाते सांड़ ने उनके सीने पर पांव रख दिया। इससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। गोशाला में मौजूद उनके बड़े भाई रामदास ने यह देख शोर मचाया। इसके बाद आस पास के लोग पहुंचे और सांड़ को खदेड़ा। अजगैवा जंगल के प्रधान के प्रतिनिध चंद्र शेखर चौधरी ने बताया कि इस गोशाला पर दोनों भाई डेढ़ वर्ष से काम कर रहे थे।
गोशाला में बाहर का सांड़ आकर हमला कर दिया। चौकी प्रभारी सचिंद्र ने बताया कि राम लुटावन के भाई रामदास ने तहरीर दे दी है। शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। भानपुर तहसील की नायब तहसीलदार पूजा वर्मा, सल्टौआ के प्रभारी पशु चिकित्साधिकारी डाॅ. विजय श्रीवास्तव, लेखपाल सचिन श्रीवास्तव मौजूद रहे।