बस्ती। साईं कृपा संस्थान की ओर से आनंद नगर कटरा मोहल्ले में साईं नाम जाप एवं साईं भजन संध्या का आयोजन हुआ। मुख्य यजमान वीरेंद्र बहादुर सिंह व संत कुमार नंदन ने साईं नाथ महाराज का माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। भक्तगणों ने साईं के चरणों में सिर झुकाया, माता टेका और मुरादें मांगी। साईं भक्तों ने ओम साईं नमो नम: श्री साईं नमो नम: का जाप करके माहौल को साईं मय कर दिया। भजन संध्या का आगाज भजन गायक संदीप श्रीवास्तव ने ‘जिस दिन साईं जी तेरा दर्शन होगा, उस दिन सफल मेरा जीवन होगा’ डॉ. प्रकाश ने ‘साईं हम पर कृपा करना, साईं हम पे दया करना’ भजन के जरिए बाबा से दया की याचना की। इसी क्रम में भरत लाल ने भजन ‘बाबा मेरे दिल की सुन ले मुरादें, सुनाने तेरे द्वार आ गया’ भजन सुनाकर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। संदीप और डॉ. प्रकाश की युगल जोड़ी में ‘छोड़ेंगे न हम तेरा साथ ओ साईं मरते दम तक’ मार्मिक भजन सुनाकर लोगों को खूब रुलाया। साईं आरती और पुष्पांजलि राजेश श्रीवास्तव के दिशा-निर्देशन में परंपरागत रूप से की गई। कार्यक्रम के अंत में भक्तों ने सामूहिक रूप से भजन ‘क्षमा करो अपराध शरण में आया हूं’ गाकर कार्यक्रम के समापन की घोषणा की। इस मौके पर रमेश श्रीवास्तव, अर्चना, रजनी पाठक, हरीश पाठक, मनोज, सीमा, सूरज पांडेय, राजेश, आलोक, छोटू, अशोक, शौर्य, गुंजन, रिजवान, अलाउदीन, बलवंत सिंह आदि मौजूद रहे।