बस्ती। रुधौली थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का एक नया मामला सामने आया है। आरोप है कि खुद को बैंक कर्मचारी बताकर ठगों ने खाते से 97 हजार 611.93 रुपये उड़ा लिए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने बुधवार को केस दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। नगर पंचायत रुधौली निवासी रमेश चंद्र गुप्ता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके मोबाइल पर दो सितंबर की सुबह करीब 10:23 बजे कॉल आया। कॉलर ने खुद को आईसीआईसीआई बैंक का कर्मचारी बताया और लाइफटाइम फ्री क्रेडिट कार्ड देने झांसा दिया। इसके बाद व्हाट्सएप नंबर पर एक लिंक भेजा और उसे खोलकर फॉर्म भरने को कहा। पीड़ित ने बताए गए अनुसार फॉर्म भर दिया, जिसके बाद उनके क्रेडिट कार्ड से 97,611.93 रुपये कट गए। जांच में सामने आया कि यह राशि मार्डन खान नामक व्यक्ति के खाते में स्थानांतरित की गई है। एसपी के आदेश पर थाना रुधौली पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। एसएचओ विजय कुमार दुबे का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। संवाद