दुबौलिया (बस्ती)। सरयू नदी का जल स्तर एक बार फिर बढ़ने से तटबंध के किनारे बसे लोगों में दहशत है। जबकि नदी की धारा से तेजी से कटान जारी है। नदी अब तटबंध की ओर बढ़ रही है। हालांकि खतरे के निशान 92.73 मीटर से 34 सेमी नीचे यानी 92.390 मीटर पर बह रही है। केंद्रीय जल आयोग कार्यालय अयोध्या के मुताबिक नदी का जलस्तर अभी और बढ़ने का अनुमान है। जलस्तर बढ़ने से कटरिया-चांदपुर तटबंध पर जहां दबाव बढ़ गया है। वहीं खजांची पुर के पास खाली जमीन तेजी से कट कर नदी में मिल रही है। तटबंध के किनारे बने ठोकरों पर दबाव भी बढ़ा है। एक ठोकर का नोज बैठ रहा है वहीं तटबंध की सुरक्षा के लिए बनाए गए बोरियों के बेस भी लगातार बैठ रहा है। टकटकवा, दिलासपुरा, देवरागंगबरार आदि गावों के पास कृषि योग्य जमीनें नदी तेजी से कटान कर रही है। कटान से भयभीत दिलासपुरा गांव के लोग अपने पक्के मकानों को तोड़ रहे हैं। गांव के बगल की बाग पहले ही कटकर सरयू नदी की धारा में समा चुका है।