बस्ती। गैर कर ई-चालान निरस्त करने के परिवहन विभाग के फैसले से वाहन स्वामियों को राहत मिलेगी। अब तक चालान संबंधी रिकाॅर्ड पोर्टल पर दर्शाए जाने के कारण वाहनों के ट्रांसफर और खरीदारी में तकनीकी समस्या आ रही थी, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। पोर्टल से 8710 गैर कर ई-चालान को हटाया जाएगा। इसके लिए विभाग न्यायालय को पत्राचार करेगा।शासन के आदेश पर परिवहन विभाग ने 2017 से 2021 तक के कई हजार वाहन चालकों, स्वामियों का कटा चालान स्वत: समाप्त करने का फैसला किया था, लेकिन अभी तक वह पोर्टल पर दर्ज थे।एआरटीओ प्रशासन राम सुरेश ने बताया कि हेलमेट, सीट बेल्ट आदि को लेकर इनका चालान हुआ था। प्रदेश सरकार ने इन चालानों को निरस्त करने का निर्णय लिया है। हालांकि, कई लोग इसे पहले ही जमा कर चुके हैं लेकिन, जिनका बचा है उन्हें अब भुगतान नहीं करना होगा। संवाद