लोक अदालत में निस्तारित हुए 57 हजार मामले
बैंक ऋण संबंधित विवाद निस्तारण से मिले साढे़ सात करोड़ रुपये
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से जनपद न्यायाधीश विनोद कुमार-तृतीय की अध्यक्षता में न्यायालय परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। इसमें करीब 56 हजार 971 वादों का निस्तारण किया गया।
बैंक ऋण व अन्य प्रकार से संबंधित प्राथमिक स्तर के 54 हजार 233 विवादों का निस्तारण किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव उमेश यादव ने बताया कि आपराधिक वादों के निस्तारण में करीब एक करोड़ 34 लाख 70 हजार 613 रुपये की धनराशि अर्थदंड स्वरूप वसूली गई। बैंक ऋण से संबंधित मामलों के निस्तारण में करीब सात करोड़ 43 लाख 53 हजार 366 रुपये की धनराशि पर समझौता कराया गया।
मोटर दुर्घटना प्रतिकर के मामलों में करीब एक करोड़ दो लाख तीस हजार रुपये का प्रतिकर देने हेतु आदेश दिया। परिवार न्यायालय में करीब 33 मामलों का निस्तारण सुलह-समझौते के आधार पर किया गया। लोक अदालत में न्यायिक अधिकारी रजनीश कुमार मिश्रा, अनिता राज, रामायण शर्मा, सुनील कुमार श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।
एसबीआई के 219 मामलों का हुआ निस्तारण
बस्ती। न्यायालय परिसर में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में एसबीआई की 29 शाखाओं ने हिस्सा लिया। इसमें दो करोड़ 41 लाख रुपये के 219 मामलों के निस्तारण हुआ। एसबीआई मुख्य प्रबंधक संजय उपाध्याय ने बताया कि टोकन मनी के रूप में बैंक को 93 लाख रुपये प्राप्त हुए हैं। मौके पर क्षेत्रीय प्रबंधक मनीष उप्पल, प्रबंधक एनपीए मनीष वर्मा, उप प्रबंधक अखिलेश कुमार आदि मौजूद रहे।