खामियों पर फटकारे गए गोदाम प्रभारी
उप कृषि निदेशक कृषि रक्षा ने जांचा बनकटी गोदाम
अमर उजाला ब्यूरो
बनकटी। उप कृषि निदेशक कृषि रक्षा डा. संजय कुमार त्रिपाठी ने मंगलवार की सुबह राजकीय कृषि रक्षा इकाई के बनकटी स्थित गोदाम का निरीक्षण किया। यहां तमाम खामियां पाई गईं, जिस पर डा. त्रिपाठी ने गोदाम प्रभारी डा. रुद्रनाथ को फटकार लगाई। व्यवस्थागत खामियां दूर करने की चेतावनी दी। उप निदेशक ने सभी अभिलेख कार्यालय में तलब किया है। गोदाम पर पहुंचते ही डा. त्रिपाठी ने उपस्थिति पंजिका जांची। इसके बाद भंडारण पंजिका, कैशबुक, किसानों की सूची आदि दिखाने के निर्देश दिए, मगर गोदाम प्रभारी इसे उपलब्ध नहीं करा सके। उप कृषि निदेशक ने ब्लॉक तकनीकी प्रबंधक अखिलेश कुमार यादव, सहायक तकनीकी प्रबंधक इंद्रेश चौधरी, राजेश कुमार, तकनीकी सहायक शैलेंद्र राय सहित अन्य कर्मियों की क्लास भी ली। कर्मियों से हरित क्रांति, आत्मा योजना तथा राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन के बारे में गहन पूछताछ की। रवि व खरीफ फसलों के बीज प्रदर्शनी, दवा बीज आदि के बारे में जानकारी चाही मगर कर्मी कुछ भी नहीं बता सके। ट्राइकोडर्मा नामक दवा गोदाम में अवशेष मिला, जिस पर कर्मियों को जिम्मेदार मानते हुए फटकार। निर्देश दिया कि किसानों को गाइड लाइन के अनुसार दवा बीज आदि उपलब्ध कराया जाए। कृषि योजनाओं की जानकारी किसानों तक पहुंचाई गई।