हर्रैया। नगर पंचायत के राम लीला मैदान के पास स्थित 63 केवीए बिजली ट्रांसफार्मर शनिवार को खराब हो गया। जिससे करीब चार वार्डों के सौ से अधिक घरों की आपूर्ति ठप हो गई। अवर अभियंता ने बताया कि अब आपूर्ति रविवार को ही सामान्य हो पाएगी।
नगर पंचायत के हरीरहिया नगर वार्ड में रामलीला मैदान के पास 63 केवीए ट्रांसफार्मर से आंबेडकर नगर वार्ड के सिपाही टोला, गांधीनगर वार्ड के शिवाला घाट से लेकर बड़ौदा ग्रामीण बैंक तक, हरीरहिया नगर वार्ड, गौतम बुद्ध नगर वार्ड के सैकड़ो घरों को बिजली आपूर्ति दी जाती है। ट्रांसफार्मर लंबे समय से ओवर लोड है। जिससे के चलते आए दिन फ्यूज व जंपर कटने की समस्या आ जाती है। शनिवार की सुबह करीब 10 बजे जब बिजली कटी लोगों को लगा कि फ्यूज उड़ा होगा। लेकिन जब शाम पांच बजे तक बिजली नहीं मिली तो वह उपकेंद्र पर फोन कर कारण जानने की कोशिश करने लगे। जहां उन्हें बताया गया कि ट्रांसफार्मर खराब हो गया है। हर्रैया नगरीय अवर अभियंता कृष्ण मोहन यादव ने बताया ट्रांसफार्मर खराब हो गया है। इसे बदला जा रहा है। नया ट्रांसफार्मर चार्ज होने में समय लगेगा। रविवार सुबह तक आपूर्ति सामान्य हो पाएगी। संवाद