59 मामलों में केवल छह का ही निस्तारण
बस्ती। जिले के सभी थानों पर शनिवार को थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस मौके पर कुल 59 प्रकरण आए, जिसमें छह का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, बाकी के लिए पुलिस व राजस्व टीम रवाना कर दी गई।
कोतवाली में कुल 27 प्रकरण आए, जिसमें एक का भी निस्तारण नहीं किया जा सका। यहां अध्यक्षता करते हुए कोतवाल संजय कुमार ने सभी के लिए पुलिस व राजस्व टीम गठित कर समय से निस्तारित करने का निर्देश दिया।
पुरानी बस्ती थाना परिसर में आयोजित समाधान दिवस में कुल 12 प्रकरण आए, जिसमें तीन का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। थाना प्रभारी आलोक कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि बाकी मामलों के लिए टीम गठित कर दी गई है।
कलवारी प्रतिनिधि के अनुसार थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित थाना समाधान दिवस में कुल आठ प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। इसमें सभी राजस्व से संबंधित थे। थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने दो का मौके पर ही निस्तारण कर दिया और बाकी छह के लिए टीम गठित कर समय भीतर रिपोर्ट तलब किया है।
बनकटी प्रतिनिधि के अनुसार समाधान दिवस की अध्यक्षता थानाध्यक्ष दिलीप कुमार सिंह ने किया। यहां कुल सात मामले आए, जिसमें एक पुलिस व छह राजस्व के मामले थे। पुलिस के प्रकरण का तत्काल समाधान कर दिया गया, बाकी के लिए टीम भेजी गई।
दुबौलिया संवाद के अनुसार प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार की अध्यक्षता में समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिसमें कुल पांच मामले आए। जिनमें कोई भी प्रकरण निस्तारित नहीं हो सका।