जिले के 12 केंद्रों पर दोपहर दो से 5:20 बजे तक कराई गई परीक्षा
6070 पंजीकृत अभ्यर्थियों में 142 हुए अनुपस्थित, कैमरे की नजर में हुई परीक्षा
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। नीट यूजी 2024 की परीक्षा रविवार को 12 केंद्रों पर कराई गई। दोपहर दो बजे से शुरू हुई परीक्षा 5:20 बजे तक चली। पंजीकृत 6070 अभ्यर्थियों में से 5928 ने हिस्सा लिया। जबकि 142 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस बार भी परीक्षा में किसी प्रकार का बदलाव नहीं हुआ। 720 अंकों के 4 खंड (फिजिक्स, केमिस्ट्री, जूलोजी एवं बॉटनी) में प्रश्नपत्र दिए गए। इसमें फिजिक्स के पेपर हल करने में अभ्यर्थियों को मशक्कत करनी पड़ी।
विद्यार्थियों को प्रत्येक खंड के प्रश्न पत्र के सेक्शन ए से 35 प्रश्न और सेक्शन बी में दिए गए 15 प्रश्नों में से कुल 10 प्रश्न हल करना था। प्रत्येक प्रश्न का सही उत्तर देने पर 4 अंक तथा गलत उत्तर देने पर एक चौथाई नंबर की कटौती भी होनी है। कड़ी सुरक्षा के बीच यह परीक्षा शुरू कराई गई। प्रत्येक केंद्र पर परीक्षा के दौरान सीसीटीवी कैमरे सक्रिय रखे गए।
अपर जिला मजिस्ट्रेट कमलेश चंद्र की निगरानी में तैनात किए गए मजिस्ट्रेट केंद्रों का निरीक्षण करते रहे। इस दौरान परीक्षा के लिए अधिकृत नेशनल टेस्टिंग एजेंसी भी ऑनलाइन निगरानी में जुटी रही। परीक्षार्थीयों की रिपोर्टिंग केंद्रों पर 11 बजे से शुरू हो गई। दोपहर 1.30 बजे तक परीक्षार्थियों को प्रवेश दिलाया गया। इसके बाद केंद्रों का गेट बंद कर दिया गया।
एनटीए के सिटी को-ऑर्डिनेटर व सरला इंटरनेशनल एकेडमी के प्रधानाचार्य मुकेश गुप्ता ने बताया कि परीक्षा इस बार ऑफलाइन कराई गई है। प्रत्येक विषय में बहुविकल्पीय प्रश्नों का ही उत्तर देना था। नीट यूजी के टेस्ट पैटर्न में चार विषय शामिल रहे।
प्रत्येक विषय में दो खंड है। सेक्शन-ए में 35 और सेक्शन-बी में 15 प्रश्न शामिल रहे। सेक्शन बी के 15 प्रश्नों में से किसी भी 10 प्रश्न का उत्तर विद्यार्थियों को देना था। इस दौरान कठिन प्रश्नों के लेकर परीक्षार्थियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। माइनस मार्किंग होने की वजह से परीक्षार्थियों ने किसी तरह का रिस्क नहीं लिया। जिन प्रश्नों पर अधिक कमांड था उनका उत्तर पहले दिया गया। खासकर फिजिक्स का पेपर काफी उलझाऊ साबित हुआ।
इन सामग्रियों के साथ नहीं मिला प्रवेश
केंद्रों पर प्रवेश से पहले परीक्षार्थियों की सघन तलाशी ली गई। मेटल डिटेक्टर का भी प्रयोग केंद्रों पर किया गया। लिखित पाठ्य सामग्री, ज्योमेट्री या पेंसिल बाक्स, प्लास्टिक पाउच, कैलकुलेटर, पेन, स्केल, राइटिंग पैड, पेन ड्राइव, इरेजर, लाग टेबल, ई पेन, स्कैनर, मोबाइल फोन, ब्ल्यूटूथ, इयरफोन, माइक्रोफोन, पेजर, हेल्थ बैंड, वालेट, गोगल्स, हैंडबैग, बेल्ट, टोपी, एटीएम, क्रेडिट, डेबिट कार्ड, प्लास्टिक आईडी कार्ड, कोई भी रिमोट वाली चाबी, कोई भी घड़ी,स्मार्ट वाच या एनालाग, कैमरा, वाइटनर, धातु की कोई भी वस्तु या खाद्य पदार्थ ले जाने पर प्रतिबंध था।
बोले- परीक्षार्थी... फिजिक्स का पेपर कठिन
नीट यूजी के पेपर हल करना कभी आसान महसूस हुआ तो कभी कठिन लगा। फिजिक्स के पेपर में काफी कठिनाई हुई। माइनस मार्किंग होने की वजह से रिस्क लेने लायक भी नहीं रहा। जिन प्रश्नों पर कमांड था उन्हीं का उत्तर दिया गया।
अंशिका मिश्रा, परीक्षार्थी।
इस बार परीक्षा में आसान और कठिन दोनों तरह के प्रश्न शामिल थे। कुछ प्रश्न तो काफी उलझाऊ लगे। फिर भी संतोषजनक उत्तर दिए गए हैं। जिन प्रश्नों में असमंजस की स्थिति बनी उन्हें छोड़ दिया गया। वैसे सबसे कठिन फिजिक्स का पेपर लगा।
वर्तिका चौधरी, परीक्षार्थी।