बस्ती। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट और नाला निर्माण से जुड़े लोग कमिश्नर की नहीं सुन रहे हैं। 12 पत्र भेजने के बाद भी निर्माण शुरू न होना इसका प्रत्यक्ष प्रमाण है। अब सोमवार को कमिश्नर दिनेश कुमार सिंह ने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट और कार्यदायी संस्था को अंतिम चेतावनी पत्र लिखा है। दरअसल, डेढ़ करोड़ की लागत से पुराने डाकखाने के जेम्स चर्च से होते हुए कुआनो नदी तक नाले का निर्माण होना है। कई सालों के बाद प्रयास के बाद नाले के निर्माण के लिए स्वीकृति मिली, तो अब निर्माण ही नहीं हो रहा है। कमिश्नर ने बताया नाले के निर्माण के लिए शासन ने डेढ़ करोड़ की वित्तीय स्वीकृति 21 जून 2016 को दी थी। प्रथम किश्त के रूप में जिले को 75.59 लाख की धनराशि भी उपलब्ध भी करा दी गई। शासन की ओर से नाले के निर्माण के लिए कंस्ट्रक्शन एंड डिजाइन सर्विसेज उत्तर प्रदेश जल निगम को कार्यदाई संस्था बनाया गया। कमिश्नर ने बताया कि नाले की खुदाई करने के बाद निर्माण कार्य बिना बताए रोक दिया गया।