बस्ती। रविवार देर रात करीब 12 बजे केबल में फाल्ट होने से गुल हुई बिजली सोमवार रात करीब पौने नौ बजे आयी। इससे करीब 50 हजार लोगों 21 घंटे तक परेशान होना पड़ा। इससे आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया।
बिजली न होने के कारण लोगों को सोमवार सुबह पानी के लिए भी जूझना पड़ा। दरअसल, रविवार रात 12 बजे अचानक अमहट फीडर से जुड़े सिविल लाइन, तुरकहिया, आवास विकास कालोनी, गांधीनगर, कटरा, न्याय मार्ग, पुराना डाकखाना, बैरिहवां, रौतापार आदि मोहल्लों में बिजली गुल हो गई।
सुबह आठ बजे तक बिजली न आने पर लोगों ने बिजली विभाग के दफ्तरों में जानकारी लेनी शुरू की। पता चला कि गिदही पॉवर स्टेशन के अंडरग्राउंड केबल में फाल्ट से आपूर्ति बाधित है। बिजली न मिलने से एक ओर जहां लोगों की दिनचर्या बिगड़ गई, वहीं लोग पानी के लिए भी तरसते रहे।
कुछ लोगों ने इसके लिए सरकारी हैंडपंपों का सहारा लिया। दोपहर में इंवर्टर भी जवाब दे गया। ऊपरी मंजिल पर रहने वालों और अधिक परेशानियों का सामना करना पड़ा। देर शाम तक बिजली नहीं आई तो व्यापारी भी परेशान होने लगे। बाजार में अंधेरा होने के कारण खरीदारों की भीड़ भीकम रही।
वहीं करीब पौने नौ बजे बिजली की आपूर्ति सुचारू हो सकी। एसडीओ रितेश कौशल ने बताया कि कुछ स्थानों पर अंडरग्राउंड केबल फाल्ट होने के चलते समस्या आई। पौने नौ बजे तक जिन क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित थी वहां आपूर्ति शुरू कर दी गई।