बस्ती। जनपद में बड़ी संख्या में आयकर दाता भी सम्मान निधि योजना का लाभ ले चुके हैं। विभागीय जांच में करीब 4250 आयकर दाताओं के लाभ लेने की पुष्टि हुई है। इनके द्वारा 14वीं किस्त तक करीब 3,55,74000 रुपये प्राप्त किया जा चुका है। इनके द्वारा प्राप्त की गई धनराशि की वसूली के लिए विभाग नोटिस भी जारी कर चुका है।
अभी तक महज 90 आयकरदाता/किसानों ने सात लाख अड़तिस हजार रुपये वापस कर चुके हैं। उक्त के अलावा जनपद में करीब 346 कास्तकारों ने योजना के तहत प्राप्त किस्तों को स्वैच्छिक रूप से विभाग में जमा कराया है। उल्लेखनीय है कि पीएम किसान योजना के तहत किसानों को हर फसली सीजन में दो हजार रुपये आर्थिक सहायता केंद्र सरकार देती है। जुलाई में जारी 14वीं किस्त का लाभ करीब 4,78,581 किसानों को मिला। अब विभाग के पोर्टल पर महज 1,76,352 यानी करीब 37 प्रतिशत किसान ही पात्र के रूप में दिख रहे हैं।
अन्य के बारे में विभाग का कहना है कि जिन किसानों ने आधार सीडिंग, एनपीसीआई से आधार लिंक, भूलेख सत्यापन आदि कार्य नहीं कराया है। उन्हें योजना में लाभ से वंचित कर दिया गया है। जिले में 4.78 लाख से अधिक पात्र किसान हैं। उप कृषि निदेशक ने बताया कि शासन से प्राप्त निर्देशों के अनुसार कार्रवाई की जा रही है।