लोक अदालत में 4161 वादों का निपटारा
बस्ती। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में शनिवार को आयोजित लोक अदालत में 4161 वादों का सुलह-समझौते के आधार पर निपटारा कर दिया गया। जनपद न्यायाधीश विनोद कुमार तृतीय की देखरेख में मामलों की सुनवाई की गई। 4161 वादों तथा बैंक ऋण व अन्य प्रकार से संबंधित प्री-लिटिगेशन स्तर पर 47,727 मामलों का निस्तारण सुलह -समझौते के आधार पर कराया गया। आपराधिक वादों के निस्तारण के बाद 14,11,970 की धनराशि अर्थदंड के रूप में वसूल की गई। बैंक ऋण के मामलों को निस्तारित कराकर बैंकों के द्वारा 4,87,18,056 रुपये की धनराशि पर समझौता किया गया। लोक अदालत में प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय अरविंद कुमार मिश्रा, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रथम रामायण शर्मा, विशेष न्यायाधीश (एससी/एसटी एक्ट) सुनील कुमार श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।