मारपीट के सात मामलों में 30 पर मुकदमा
बस्ती। पुरानी रंजिश, जमीन के विवाद, पट्टीदारी के विवाद आदि के चलते मारपीट, धमकी देने के सात मामलों में पुलिस ने 30 आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश शुरू की है।
कोतवाली थाने के दौलतपुर निवासी हजारी ने तहरीर देकर बताया कि शुक्रवार को उमरी चौराहे पर दुकान पर पोखरभिटवा के राकेश चौधरी व एक अन्य व्यक्ति ने जाति सूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए पीटा। उनको बचाने आए दुकान के मालिक संतोष त्रिपाठी पर भी आरोपी हमलावर हो गए। छावनी थाने के नटौवा निवासी पप्पू ने रंजिशन अपशब्द कहा और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने बब्लू, रोहित व मंजू देवी निवासी नटौवा पर मुकदमा दर्ज किया है।
पैकोलिया थाने की पुलिस ने क्षेत्र के कठवतिया इंटर कॉलेज के पास मारपीट, धमकी देने के मामले में अरविंद सिंह निवासी सेखुई थाना पैकोलिया की तहरीर पर तीन अज्ञात आरोपियों पर मुकदमा दर्ज किया है। गौर थाने के केसरई में जमीन के विवाद में एक राय होकर पीटने, अपशब्द कहने, सिर पर वारकर बेहोश कर देने, घर में घुसकर पीटने सहित अन्य आरोप में अनिल कुमार मिश्रा, पूनम मिश्रा, बलराम मिश्रा, ज्ञानी मिश्रा, वंदना मिश्रा, सुनील मिश्रा पर मुकदमा दर्ज किया है। इसी थाने के महुआ डाबर में पट्टीदारी के विवाद में अपशब्द कहने, पीटने व धमकी देने के मामले में उमेश सिंह, अंकित, साक्षी निवासी महुआ डाबर थाना गौर पर मुकदमा दर्ज किया है।
नगर थाने की पुलिस ने सोंधिया गांव में पुरानी रंजिश में अपशब्द कहने, जान से मारने की धमकी, घर में घुसकर पीटने के मामले में धीरज की तहरीर पर महेंद्र निषाद, सरस्वती, राजितराम व बासमती पर मुकदमा दर्ज किया है। कप्तानगंज थाने की पुलिस ने नकटीदेई रेहरवा गांव में खेत में सरसों की फसल को नष्ट करने, उलाहना देने पर अपशब्द कहने, पीटने के लिए दौड़ा लेने व जान से मारने की धमकी देने के आरोप में हंसराम की तहरीर पर हरिशंकर चौधरी, अखंड प्रताप उर्फ इंद्रजीत निवासी नकटीदेई रेहरवा पर मुकदमा दर्ज किया है।
दुबौलिया थाने की पुलिस ने खुशहालगंज में जमीन के विवाद में अपशब्द कहने, जान से मारने की धमकी, खेत में लगे बल्ली-तार को तोड़ कर नुकसान कर देने के आरोप में राजेंद्र सिंह की तहरीर पर हंसराज, जैसराज व वंशराज पर मुकदमा दर्ज किया है।
रुधौली थाने की पुलिस ने भितेहरा गांव में घर के बगल गली में निर्माण के विवाद में अपशब्द कहने, ईंट फेंककर मारने के आरोप में रामकरन पाल की तहरीर पर राजेंद्र गुप्ता व राजेंद्र गुप्ता की पत्नी पर मुकदमा दर्ज किया है। मुंडेरवा थाने कीपुलिस ने असरफपुर में जमीन के विवाद में अपशब्द कहने, धमकी, मोटरसाइकिल में तोड़फोड़ करने के आरोप में राजाराम, रामतेज, सुजीत, शनी कुमार पर मुकदमा दर्ज किया है।