प्रेक्षक की गाड़ी रोक हंगामा करने में सपाइयों पर तीन मुकदमे दर्ज
बस्ती। मतगणना से एक दिन पूर्व मंडी समिति के बाहर प्रेक्षक व अन्य अधिकारियों की गाड़ी रोक कर तलाशी लेने के मामले में पुरानी बस्ती पुलिस ने शनिवार को एक साथ तीन मुकदमे दर्ज किए। मामले में सौ से अधिक अज्ञात और दो सपा कार्यकर्ताओं को नामजद आरोपी बनाया गया है। एसपी आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि मुकदमों की विवेचना शुरू हो गई है। तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उल्लेखनीय है कि वाराणसी में ट्रक में ईवीएम मिलने के बाद बुधवार शाम को सैकड़ों की संख्या में सपा कार्यकर्ता मंडी समिति स्थित मतगणना स्थल के बाहर जमा हो गए थे। इस बीच कार्यकर्ताओं ने मतगणना स्थल से अंदर-बाहर जाने वाली गाड़ियों की जबरन तलाशी लेने लगे। इससे प्रेक्षक समेत कई अधिकारियों को मुश्किल का सामना करना पड़ा। अधिकारियों और पुलिस के समझाने के बाद भी सपा कार्यकर्ता हंगामा करते रहे। पहला मुकदमा जिलाधिकारी के वाहन चालक दीपनारायण की तहरीर पर क्रिमिनल लॉ एमेंडमेंट एक्ट व अन्य धाराओं में दर्ज हुआ है। इस मामले में सपा कार्यकर्ता रामअशीष वर्मा को नामजद करते हुए सौ अज्ञात पर मुकदमा दर्ज किया गया है। दूसरा मुकदमा अपर उप जिलाधिकारी के अर्दली जय सिंह की तहरीर पर लिखा गया है। इस मामले में सपा कार्यकर्ता प्रमोद यादव, राम अशीष वर्मा समेत कई अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं, तीसरा मुकदमा उप जिलाधिकारी न्यायिक के अर्दली रमाकांत की तहरीर पर दर्ज किया गया है। इस मामले में सपा कार्यकर्ता प्रमोद यादव पता के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।