26 को नहीं मिला प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ
नगर बाजार (बस्ती) बहादुरपुर ब्लॉक के ग्राम पंचायत कोठवाभरतपुर में 26 जरूरतमंदों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिल सका है। योजना का लाभ न मिलने से अब भी ये लोग झोपड़ी में ही गुजर-बसर कर रहे हैं। पात्रों ने यह आरोप लगाया गया कि योजना के जरूरतमंदों को चिन्हित करने में मनमानी की जाती है।
कोठवाभरतपुर निवासी भानमती पत्नी स्व. ज्ञान सिंह चौहान ने बताया कि कई वर्ष पहले पति की मृत्यु हो गई है। भूमिहीन होने के कारण आय का कोई स्रोत भी नहीं है। किसी तरह मिट्टी की टूटी फूटी छोटी सी दीवार पर प्लास्टिक का छत बनाकर दो बच्चों के साथ रहते हैं। तमाम प्रयास के बाद भी प्रधानमंत्री आवास से छत नहीं मिल सका। इस परिवार को न प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिला है और न ही शौचालय ही मिल पाया है।
विद्या पत्नी तुलसी राम ने बताया कि पात्र होने के बावजूद प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिल सका है। आज तक न ही शौचालय का और न पीएम आवास का लाभ मिल सका है। नाली न होने से जल निकासी का प्रबंध भी नहीं है जिससे सभी लोग अपने घरों के पास ही गड्ढा खोदकर उसमें पानी जमा करते हैं जिससे संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा भी उत्पन्न हो गया है।
बालजती पत्नी सुरेन्द्र चौहान ने बताया कि पिछले कई वर्षों से छप्पर के नीचे जीवन यापन करने पर मजबूर हैं। लेकिन, आज तक न ही आवास मिला और न ही शौचालय का लाभ मिल सका है।
गांव की पनपति पत्नी बम भोले, सुनीता पत्नी महेन्द्र चौहान आदि ने ने आरोप लगाया कि पात्रता के बावजूद सूची में नाम नहीं दर्ज किया गया। सिर पर छत नहीं है, ऐसे में छप्पर के मकान में जीवन यापन करने पर मजबूर हैं। आरोप लगाया कि कई बार आवास दिलाने का आश्वासन देकर फोटो खींचकर ले गए, लेकिन आज तक कोई भी लाभ नहीं मिल सका है।
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि ताज मोहम्मद ने बताया कि ग्राम सभा में लगभग 26 लोग ऐसे हैं जिन्हें आवास का लाभ नहीं मिला है। अभी लॉगिन बंद है, जैसे ही शुरू होगा पात्रता सूची तय कर दे दी जाएगी।
पात्रता सूची की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है, लाभ दिलाया जाएगा : बीडीओ
बीडीओ बहादुरपुर आलोक दत्त उपाध्याय ने बताया कि मामला हमारे संज्ञान में नहीं है। शीघ्र ही पात्रता सूची की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। ऐसे में गांव-गांव पात्रों की जांच कर उनको आवास का लाभ दिलाया जाएगा।