बस्ती। जिले के 246 स्कूली वाहनों का फिटनेस नहीं हो सका है। लिहाजा परिवहन विभाग ने सख्ती दिखाते हुए नोटिस जारी किया है कि अगर उनकी फिटनेस नहीं कराई गई तो पहली जुलाई से जांच के दौरान पकड़े जाने पर स्कूल प्रबंधकों या फिर प्रधानाचार्यों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी और उनके वाहनों का पंजीयन भी निरस्त कर दिया जाएगा।
संभागीय परिवहन निरीक्षक यानी कि आरआई संजय कुमार दास के अनुसार जिले में कुल 912 स्कूली वाहन पंजीकृत हैं। इनमें अभी तक 246 वाहनों का फिटनेस नहीं हो पाया है। जबकि 27 जून से सभी स्कूल व कॉलेज संचालित हो जाने हैं। एआरटीओ पंकज कुमार सिंह ने बताया कि जुलाई से सभी स्कूली वाहनों की जांच की जाएगी और जिनके टैक्स बकाया, प्रदूषण, फिटनेस, बीमा व अन्य कागजात नहीं दुरुस्त पाए गए तो उनके मालिकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और वाहनों का पंजीयन निरस्त कर दिया जाएगा।
15 वर्ष की आयुसीमा पार कर चुके वाहनों पर भी होगी कार्रवाई
एआरटीओ पंकज कुमार सिंह ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार ऐसे सभी स्कूली वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी जो 15 वर्ष की आयुसीमा पार कर चुके हैं। इसके लिए सघन जांच अभियान चलाया जाएगा।