बस्ती। निकाय चुनाव की मतगणना के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसके लिए तीन मतगणना केंद्र बनाए गए हैं। किसान पीजी कालेज में बने मतगणना केंद्र पर सदर तहसील के अंतर्गत एक नगर पालिका और पांच नगर पंचायतों बनकटी, नगर, गनेशपुर, गायघाट और मुंडेरवा के मतों की गणना की जाएगी।
हर्रैया के नेशनल इंटर कालेज मतगणना केंद्र पर नगर पंचायत हर्रैया, बभनान और कप्तानगंज नगर पंचायत की मतगणना की जाएगी। जबकि रुधौली तहसील में बने मतगणना केंद्र पर नगर पंचायत रुधौली की मतगणना की जाएगी।
जिले की 10 नगर निकायों के लिए कुल 244 मतगणना टेबल लगाए गए हैं। किसान पीजी कालेज मतगणना केंद्र पर अध्यक्ष और सदस्य पद के लिए अलग-अलग टेबल लगाए गए हैं। नगर पालिका अध्यक्ष और सदस्य पद की मतगणना केेे लिए 25-25 टेबल लगाए गए हैं। जबकि नगर पंचायत बनकटी, नगर, मुंडेरवा और गनेशपुर के लिए चार-चार, गायघाट नगर पंचायत के लिए तीन-तीन टेबल लगाए गए हैं। हर्रैया के नेशनल इंटर कालेज मतगणना केंद्र पर 24 टेबल लगाए गए हैं। जहां नगर पंचायत हर्रैया, बभनान और कप्तानगंज के अध्यक्ष और सदस्य पद के मतों की गणना के लिए चार-चार टेबल निर्धारित हैं। वहीं रुधौली तहसील मतगणना केंद्र पर नगर पंचायत रुधौली के सदस्य और अध्यक्ष पद के लिए कुल 12 टेबल लगाए गए हैं। जिसमें अध्यक्ष और सदस्य पद के लिए छह-छह टेबल निर्धारित हैं।
-
मतगणना के दौरान जरूरी दिशा-निर्देश
- उम्मीदवारों को उनके नामांकन की रसीद तथा निर्वाचन अभिकर्ताओं को निर्वाचन अधिकारी से निर्गत प्रारुप के अन्दर पर प्रवेश दिया जायेगा, किंतु उपरोक्त का मूल रूप में होना अनिवार्य है।
- मतगणना अभिकर्ताओं को प्रवेश निर्वाचन अधिकारी से निर्गत मतगणना अभिकर्ता पास के आधार पर दिया जाएगा।
- मतगणना परिसर में निर्वाचन अधिकारी के अतिरिक्त अन्य किसी को मोबाइल ले जाने की अनुमति नहीं होगी। निर्वाचन अधिकारियों को मोबाइल ले जाने की अनुमति होगी, किंतु उसका प्रयोग मात्र ओटीपी प्राप्त करने के लिए किया जाएगा।
- अध्यक्ष नगर पालिका परिषद बस्ती के प्रत्येक उम्मीदवार को अधिकतम 25 अभिकर्ता अनुमन्य हैं। इसी तरह अध्यक्ष नगर पंचायत गायघाट के प्रत्येक उम्मीदवार को अधिकतम 03, अध्यक्ष नगर पंचायत रुधौली के प्रत्येक उम्मीदवार को अधिकतम 06, अध्यक्ष नगर पंचायत बनकटी, गनेशपुर, मुंडेरवा, नगर, हर्रैया, बभनान, कप्तानगंज के उम्मीदवार अधिकतम 04 अभिकर्ता नियुक्त कर सकेंगे।
- सदस्य पद के प्रत्येक उम्मीदवार को मात्र 01 ही मतगणना अभिकर्ता अनुमन्य है। एक गणना टेबल पर एक समय में उम्मीदवार, उसके निर्वाचन अभिकर्ता केवल एक ही व्यक्ति अनुमन्य होगा।
- मतगणना टेबल पर एक समय में उम्मीदवार उसके निर्वाचन अभिकर्ता और गणना अभिकर्ता में से केवल एक ही व्यक्ति अनुमन्य होगा।
-
आवागमन के लिए बदले जाएंगे रास्ते
- शहर में कंपनीबाग से किसान पीजी कालेज की तरफ आम लोगों के लिए अवागमन बाधित रहेगा। उस रास्ते से होकर महुली रोड पर जाने वाले लोगों को कचहरी, शास्त्रीचौक, कबीर तिराहा होते हुए महाराणा प्रताप चौराहे पर महुली रोड पर जाने दिया जाएगा। इसी तरह महुली रोड से कंपनीबाग होते हुए शहर की तरफ आने वाले लोगों को राणा प्रताप तिराहे से डीएम आवास, शास्त्री चौक होते हुए आने दिया जाएगा।