भूअर निरंजनपुर के पास सड़क पर भरा बारिश का पानी।
- फोटो : BASTI
111.76 करोड़ से चमकेंगी ग्रामीण क्षेत्र की 241 सड़कें
बस्ती। खतरनाक गड्ढों में तब्दील जिले की 241 ग्रामीण सड़कों को चमकाया जाएगा। इसके लिए पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड एक ने 139.20 किमी की लंबाई की इन सड़कों का सर्वे व एस्टीमेट तैयार करवाकर शासन को भेज दिया है। मंजूरी मिलते ही इन सड़कों का कायाकल्प शुरू हो जाएगा और इन मार्गों से आवागमन करने वाले ग्रामीणों को बेहतर सुविधा भी मिलने लगेगी।
कुछ महत्वपूर्ण सड़कों से दर्जनों गांवों के राहगीरों का नियमित आवागमन होता है। ग्रामीणों ने अपने क्षेत्र के विधायकों व सांसद सांसद हरीश द्विवेदी से इन सड़कों को बेहतर बनाने की मांग की थी। नतीजतन विधायकों व सांसद ने जिला प्रशासन के जरिए जिले की 241 सड़कों की सूची दो माह पहले पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड एक के तत्कालीन एक्सईएन शुभनारायन को सौंप दी थी। एक्सईएन ने सहायक अभियंता पंकज कुमार सिंह, असिस्टेंट इंजीनियर प्रियांक मणि त्रिपाठी, तकनीकी अभियंता प्रतीक त्रिपाठी, जूनियर इंजीनियर हरेराम, सुनील दत्त व अभिषेक सिंह की टीम से सर्वे व एस्टीमेट तैयार करवाकर शासन को भेज दिया था। इसी बीच विभाग में फेरबदल हो गया, जिसके चलते अभी तक प्रस्ताव पर मुहर नहीं लग सकी है और जिले की तकरीबन ढाई सौ सड़कों का पुनरुद्धार नहीं हो सका है।
प्रस्ताव स्वीकृत होते ही काम होगा चालू
पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड एक के अधिशासी अभियंता अरुण कुमार सिंह ने बताया कि प्रस्ताव को मंजूरी मिलने पर धन मिलते ही सड़क मरम्मत का काम चालू करवा दिया जाएगा।