बस्ती। आय, जाति, निवास प्रमाणपत्र तीन दिन पहले तक निर्गत नहीं हो पा रहे थे। एक पखवाड़े के भीतर आवेदनों की भरमार हो गई थी। नौकरी एवं अन्य जगहों पर यह प्रपत्र अनिवार्य होने की वजह से आवेदक परेशान थे। डीएम के निर्देश पर इन प्रमाणपत्रों को जारी करने का अभियान शुरू हुआ। तीन दिन के भीतर सदर तहसील से आय, जाति, निवास के 24 हजार प्रमाणपत्र जारी किए गए हैं।
क्रॉप सर्वे में लेखपालों की ड्यूटी लगने एवं अन्य वीआईपी कार्यक्रमों की वजह से आय, जाति, निवास के आवेदनों पर रिपोर्ट नहीं लग पा रही थी। इससे आवेदनों की संख्या बढ़ती गई। पखवाड़े भर इंतजार के बाद जब प्रमाणपत्र जारी नहीं हुए तो आवेदकों की परेशानी बढ़ गई। प्रशासन से लेकर जनसुनवाई पोर्टल तक शिकायत होने लगी। डीएम ने प्रकरण को संज्ञान में लिया। इसके बाद अभियान शुरू किया गया। सदर तहसील में 20 टीमें लगाई गई हैं। तीन दिन के भीतर आय, जाति, निवास के 24 हजार प्रमाणपत्र जारी किए जा चुके हैं। अब भी करीब 15 हजार आवेदन लंबित हैं।
प्रोबेशन कार्यालय की भर्ती में भी प्रमाणपत्र का अड़ंगा
जिला प्रोवेशन कार्यालय में दो दिन पहले सहायक के रिक्त चार पदों पर भर्तियां निकाली गई है। इसके आवेदन की अंतिम तिथि 20 जनवरी निर्धारित है। इसमें निवास प्रमाणपत्र अनिवार्य किया गया है। अभ्यर्थियों ने इसके लिए राजस्व विभाग के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन किया है। मगर, अधिकतर आवेदन लंबित हैं। फार्म जमा करने के लिए तीन दिन और बचे हैं। यदि समय भीतर निवास प्रमाणपत्र जारी नहीं हुआ तो इच्छुक युवा इस नौकरी के लिए आवेदन नहीं कर पाएंगे।
अभियान चलाकर आय, जाति, निवास प्रमाणपत्र बनवाए जा रहे हैं। 24 हजार पुराने आवेदनों पर प्रमाणपत्र जारी कर दिया गया है। 1400 आवेदन बचे हैं, यह सभी नए हैं। जिनकी रिपोर्ट लगवाई जा रही है। एक-दो दिन में इसकी भी प्रक्रिया पूर्ण कर ली जाएगी।
-गुलाब चंद्र, एसडीएम सदर