2.80 करोड़ के कर का बोझ ढो रहे 2243 वाहन
बस्ती। जिले के 2243 व्यावसायिक वाहनों पर तकरीबन पौने तीन करोड़ रुपये का टैक्स बकाया है। ये ऐसे वाहन हैं, जो 50 हजार रुपये व उससे अधिक के बकाएदार हैं। इन वाहनों के स्वामियों को एआरटीओ ने नोटिस जारी करते हुए 15 दिनों की मोहलत दी है। एआरटीओ ने नोटिस देकर वाहन का पंजीयन निलंबित व निरस्त करने के साथ ही आरसी जारी करने की चेतावनी दी है।
दूसरी तरफ 50 हजार से कम बकाया वाले वाहनों को सप्ताह भर का समय देेते हुए टैक्स जमा करने के लिए कहा है। अधिकारियों के अनुसार, जेसीबी, क्रेन व निर्माण कार्यों में लगे वाहनों के मालिकों को भी हिदायत दी गई है कि यदि वे समय से टैक्स की अदायगी नहीं करेंगे तो उनके भी पंजीयन निलंबित व निरस्त करने की प्रक्रिया चालू कर दी जाएगी। साथ ही कृषि कार्यों के लिए पंजीकृत ट्रैक्टर-ट्रॉली पर यदि सवारियां ढोती पाई गईं तो उनका भी पंजीयन निरस्त करते हुए एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
पुलिस टीम के साथ की जाएगी कार्रवाई
एआरटीओ पंकज कुमार सिंह ने बताया कि एसपी के निर्देशानुसार जिले की पुलिस टीम के साथ सघन जांच के लिए अभियान चलाया जाएगा और अवैध तरीके से वाहनों के संचालन पर कार्रवाई की जाएगी।