रामजानकी तिराहे के पास तीन ट्रक टकरा गए।
- फोटो : अमर उजाला
बस्ती। घनेे कोहरे और कड़ाके की ठंड के बीच बृहस्पतिवार को फोरलेन सहित अन्य मार्गों चार हादसों में दो की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। इससे गोरखपुर-लखनऊ हाईवे पर करीब 45 मिनट तक आवागमन बाधित रहा। छावनी प्रतिनिधि के अनुसार रामजानकी तिराहे पर बृहस्पतिवार सुबह ट्रक जैसे ही बस्ती की ओर जाने के लिए गोरखपुर-लखनऊ हाईवे पर जैसे ही मुड़ा, तभी फैजाबाद लेन पर गुजर रहा दूसरा ट्रक आ टकराया और ट्रक डिवाइडर पार करते हुए दूसरी लेन में कंटेनर से जा भिड़ा। इससे हादसे के कारण जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। इस हादसे में उन्नाव जिले के लिलारपुर निवासी ट्रक चालक सतीश शुक्ला(40) और खलासी आलम निवासी ठहरपुर जिला गाजियाबाद, दूसरे ट्रक चालक का चालक असलम(22) निवासी भानपुर जिला मुरादाबाद, तीसरे ट्रक का चालक पुष्पेंद्र(35) निवासी अलीगढ़ घायल हो गए। सभी को फैजाबाद जिला अस्पताल भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान अलीगढ़ निवासी पुष्पेंद्र की मौत हो गई। वहीं सतीश को लखनऊ रेफर कर दिया गया। इस घटना के बाद हाइवे पर जाम लग गया। पुलिस टीम ने पौन घंटे बाद यातायात बहाल कराया। दूसरी घटना बांसी रोड पर वाल्टरगंज के मकदा के पास हुई। यहां कार की चपेट में आने से बाइक चला रहे आशीष गिरि (23) निवासी पचदेवरी थाना वाल्टरगंज की मौत हो गई। हादसे के बाद कार ड्राइवर भाग निकला। पुलिस कार की पहचान करने का प्रयास कर रही है। तीसरा हादसा, फोरलेन पर रमवापुर चौराहे के पास हुआ। यहां तीन ट्रक आपस में टकरा गए। ओड़वारा प्रतिनिधि के अनुसार, रुधौली थाने के गन्धरिया खुर्द निवासी रामप्रकाश, राम किशोर, मोनू और सुखई बृहस्पतिवार को सुबह करीब एक हजार भेड़ों का झुंड चराने निकले थे। दो लोग आगे और दो पीछे से उन्हें हांक रहे थे। सुबह घने कोहरे में परसा हज्जाम के पास एक बेकाबू ट्रक ने भेड़ों के झुंड को अपनी चपेट में ले लिया। इससे 40 भेड़ों की मौत हो गई, जबकि 15 बुरी तरह जख्मी हो गईं।