महराजगंज। हर्रैया थाना क्षेत्र के जोगापुर गांव में मंगलवार शाम करीब चार बजे एक भूसा घर में अचानक आग लगने से बड़ा नुकसान हो गया। आग की चपेट में आकर करीब 20 क्विंटल भूसा जलकर राख हो गया। जानकारी के अनुसार, कृष्णानंद पाठक पुत्र नरसिंह पाठक के भूसा घर में अज्ञात कारणों से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरा भूसा जलकर राख हो गया। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड टीम और ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था। पीड़ित के अनुसार, इस घटना में करीब 40 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल रहा।ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है।