गौर। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के संविदा स्वास्थ्यकर्मियों की हड़ताल का असर अब ग्रामीण क्षेत्रों की स्वास्थ्य सेवाओं पर भी पड़ने लगा है। गौर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) क्षेत्र में 20 आयुष्मान आरोग्य मंदिर बंद हैं। वहीं, टीकाकरण समेत कई अन्य स्वास्थ्य संबंधी कार्य प्रभावित हो रहे हैं। सीएचसी गौर के अधीक्षक डॉ. पुनीत पांडेय ने बताया कि क्षेत्र में कुल 36 आयुष्मान आरोग्य मंदिर संचालित हैं। इनमें से 16 केंद्र ही चल रहे हैं, जबकि संविदा कर्मचारियों की हड़ताल के कारण 20 केंद्र बंद हैं। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं मिलने में परेशानी हो रही है। उन्होंने बताया कि सीएचसी क्षेत्र के अंतर्गत पांच प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भी संचालित हैं। संविदा चिकित्सकों के हड़ताल पर रहने के कारण ओपीडी का संचालन नियमित चिकित्सकों के माध्यम से कराया जा रहा है। अधीक्षक के अनुसार, कर्मचारियों की हड़ताल से टीकाकरण का कार्य पूरी तरह प्रभावित हुआ है। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग के कई अन्य कार्य भी ठप पड़े हैं। संवाद