दिनदहाड़े प्रापर्टी डीलर से 2.85 लाख की टप्पेबाजी
बस्ती। शहर के बड़ेवन स्थित एसबीआई कोर्ट एरिया की शाखा के पास प्रापर्टी डीलर से 2.85 लाख रुपये की टप्पेबाजी की घटना सामने आई है। दिनदहाड़े हुई इस घटना से सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस आसपास लगे कई सीसीटीवी का फुटेज खंगाला। कोतवाल शशांक शेखर राय ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। सभी पहलुओं पर जांच हो रही है।
कलवारी थानाक्षेत्र के केवचा निवासी प्रापर्टी डीलर अवधेश कुमार यादव ने बताया कि कोतवाली थानाक्षेत्र के बरगदवा के पास उनका दफ्तर है। बुधवार को दिन में करीब दो बजे वह अपनी बाइक पर सिविल लाइंस निवासी संतोष के साथ कटरा स्थित बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में रुपये निकालने गए थे। वहां से दो लाख 85 हजार रुपये निकाले।
रुपये बाइक के बैग में रखकर वापस आते समय कोर्ट एरिया बैंक के सामने किसी ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। उसके बाद टक्कर मारने वाले की बाइक में दूसरी बाइक की टक्कर हो गई। हालांकि किसी को चोट नहीं आई। अवधेश के मुताबिक, वहां से जब वह अपने दफ्तर पहुंचे और बैग खोला तो रुपये नहीं थे। यह देख उनके होश उड़ गए। एसएचओ का कहना है कि अवधेश यादव पार्टनरशिप में प्रापर्टी डीलिंग का काम करते हैं। मामले की गहनता से छानबीन की जा रही है।