मतदाता जिले भर में 3.14 लाख ने ली जागरूकता की शपथ
मतदाता जागरूकता अभियान, डीएम ने बच्चों को शपथ दिलाकर की अभियान की शुरुआत
अमर उजाला ब्यूरो
बस्ती। शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने के लिए मतदाता जागरूकता अभियान के तहत बुधवार को जीजीआईसी में डीएम डॉ. राजशेखर वृहद शपथ अभियान की शुरुआत की।
इस अभियान में जिले भर में 3.44 लाख से अधिक लोगों ने शपथ ली। इसमें प्राथमिक, जूनियर, इंटरमीडिएट, डिग्री कॉलेज और व्यावसायिक कॉलेजों के छात्र-छात्राएं मौजूद रहीं। जागरूकता के लिए दो प्रकार की शपथ दिलाई गई है। पहली शपथ 18 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्तियों को तथा दूसरा 18 वर्ष से कम आयु बच्चों को। 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चे लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए अपने माता-पिता, परिवार के सदस्यों और वरिष्ठों को 12 मई को मतदान करने के लिए प्रेरित करेंगे। जिला निर्वाचन की ओर से शपथ के लिए 300 से अधिक अधिकारियों तथा एसडीएम, तहसीलदार, बीडीओ, सेक्टर मजिस्ट्रेट, जिला स्तरीय अधिकारी को नोडल अधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया था। प्रत्येक अधिकारी ने एक चयनित स्कूल में उपस्थित होकर बच्चों व शिक्षकों को शपथ दिलाई। जिला निर्वाचन कार्यालय को इस समारोह में छह हजार से अधिक फोटोग्राफ और दो हजार से अधिक वीडियो मिल चुके हैं। डीएम ने जीजीआईसी के खचाखच भरे परिसर में लगभग 1000 छात्रों, शिक्षकों, कर्मियों को शपथ दिलाई। उन्हें वोट देने और दूसरों को मतदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। डीएम ने यह भी कहा कि आज की प्रतिज्ञा सही मायने में तभी पूरी होगी, जब प्रत्येक मतदाता 12 मई को मतदान करेगा।