महाशिवरात्रि : पुलिस कर्मियों के साथ सभी जगह मजिस्ट्रेट तैनात किए जाएंगे
आठ मार्च को पड़ रही महाशिवरात्रि के लिए तैयारी तेज
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। महाशिवरात्रि पर्व की तैयारी प्रशासन ने पूरी कर ली है। जिले के 19 स्थलों पर इस पर्व पर बेशुमार भीड़ जुटती है। इस मामले में बस्ती को अति संवेदनशील जनपद माना गया है। यही कारण है कि यहां पर विशेष रूप से सुरक्षा व्यवस्था का आदेश शासन से आया है। संबंधित तहसीलों के एसडीएम को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने क्षेत्रों और शिवरात्रि मेलों पर तहसीलदार और नायब तहसीलदार की तैनाती करें। किसी भी तरह की अप्रिय घटना होने पर डीएम, एसपी और एडीएम को तत्काल सूचित करने के निर्देश दिए गए है
महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु शिव मंदिरों पर जलाभिषेक और पूजा-अर्चन करते हैं। समूहों में मंदिरों में जल अर्पण करने जाते हैं। ऐसे में कभी-कभी अपेक्षा पूर्ण भाषा का प्रयोग करने में विवाद की आशंका बनी रहती है। इसी को देखते हुए इस बार महाशिवरात्रि पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। ब्लू प्रिंट तैयार कर लिया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह ने बताया कि यातायात व्यवस्था सुदृढ़ रखने के लिए आवश्यक प्वाइंट पर ट्रैफिक टीम लगाई जाएगी। भद्रेश्वरनाथ सहित अन्य मंदिरों पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी लगाई जाएगी।
...
इन मंदिरों पर रहेगी विशेष विशेष सुरक्षा व्यवस्था
प्रशासन ने सुरक्षा की दृष्टि से 19 शिव मंदिरों को चिह्नित किया है। इनमें कोतवाली क्षेत्र का भद्रेश्वरनाथ व राम कृपाल मंदिर, पुरानी बस्ती क्षेत्र का कड़र शिवमंदिर, निर्मलीकुंड, पंचायती मंदिर, करूआ बाबा और बरवा, वाल्टरगंज क्षेत्र का महादेवा और भारीनाथ, परशुरामपुर क्षेत्र का पौराणिक शिव मंदिर महादेवा, छावनी क्षेत्र का शिवमंदिर रामगढ़, नगर क्षेत्र का शिवमंदिर तिलकपुर, कप्तानगंज क्षेत्र का भैरोनाथ मंदिर, मुंडेरवा क्षेत्र का देवरिया मंदिर, सोनहा क्षेत्र का लोढ़वा और जोगिया, पैकोलिया क्षेत्र का औरातोंदा, रुधौली क्षेत्र का हनुमानगंज मंदिर और दुबौलिया क्षेत्र का चकोही शिवमंदिर शामिल है।
...
शिव बरात के लिए खास इंतजाम
- पुरानी बस्ती क्षेत्र से प्रतिवर्ष निकलने वाली शिव बरात के लिए पुलिस प्रशासन ने खास प्रबंध किए हैं। शिव बरात करुवा बाबा, नई बाजार, पांडेय बाजार, मरवाटिया मंदिर से सुर्ती हट्टा काली मंदिर, वापस मंगल बाजार पंचायती मंदिर पर समाप्त होती है। देर रात शिव विवाह का आयोजन होता है। इसके अलावा रुधौली क्षेत्र में गिरि नाथ धाम रायठ से पकड़ी, सल्टौआ, सोनहा, भानपुर, रुधौली, छपिया, बिजलीपुर होते हुए वापस गिरिनाथ मंदिर पर जुलूस पहुंचता है। इस बार सुरक्षा के लिए इन आयोजनों में कोतवाली क्षेत्र में चार थानाध्यक्ष, आठ उपनिरीक्षक, 45 कांस्टेबल, आठ महिला कांस्टेबल, 20 होमगार्ड, सात महिला होमगार्ड, पांच यातायात पुलिस, एक सेक्शन पीएसी तैनात रहेगी।