आठ हजार व्यावसायिक वाहनों पर 19 करोड़ बकाया है कर
बस्ती। जिले के कुल तकरीबन आठ हजार छोटे-बड़े व्यावसायिक वाहनों पर लगभग 19 करोड़ रुपये टैक्स का बकाया है। लिहाजा परिवहन विभाग ने सभी वाहन स्वामियों को नोटिस जारी करते हुए उन्हें पांच दिन का मौका दिया है। ऐसा न करने पर उन व्यावसायिक वाहनों का पंजीयन निरस्त करते हुए कार्रवाई की जाएगी।
एआरटीओ पंकज कुमार सिंह के अनुसार पहली अप्रैल 2020 को या उससे पहले पंजीकृत तकरीबन आठ हजार वाहनों का लगभग 19 करोड़ रुपये बकाया है। उन वाहनों पर टैक्स के अलावा लगाई गई पेनॉल्टी पर सौ फीसदी माफ करने की योजना संचालित की गई है। बताया कि 26 जुलाई तक ऐसे वाहन स्वामी जिनके नाम क्रेन व जेसीबी जैसे बड़े वाहन पंजीकृत हैं और उन पर कर बकाया है, वह कार्यालय में पहुंच कर एक हजार रुपये रजिस्ट्रेशन करवाकर योजना का लाभ पा सकते हैं। रजिस्ट्रेशन शुल्क जमा होने की तिथि से एक माह के अंदर बकाया कर की पेनाल्टी जमा कर सकते हैं।
---
212 स्कूली वाहनों का पंजीयन हुआ निलंबित
एआरटीओ पंकज सिंह ने बताया कि जिले में कुल 912 स्कूली वाहन पंजीकृत हैं, जिनमें से 212 स्कूली वाहनों के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई की जा चुकी है। जिन स्कूली वाहनों का पंजीयन निलंबित हो चुका है और वह स्कूलों में संचालित पाई जाएगी तो उन स्कूल प्रबंधक अथवा प्रधानाचार्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई जाएगी। साथ ही जिन स्कूली वाहनों का फिटनेस समाप्त अथवा पंजीयन निलंबित किया जा चुका है, उन स्कूलों के प्रबंधक अथवा प्रधानाचार्य अपने वाहन के फिटनेस के लिए दोबारा सम्भागीय निरीक्षक कार्यालय में संपर्क कर स्वस्थता प्रमाण-पत्र जारी करवा सकते हैं।