आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने किया बवाल
वेबकास्ट के जरिए पीएम का कार्यक्रम देखने आई थीं
अमर उजाला ब्यूरो
सल्टौआ। वेबकास्ट के जरिए पीएम का कार्यक्रम देखने के लिए आईं आंगनबाड़ी वर्करों ने पीएचसी सल्टौआ में मंगलवार को जमकर बवाल किया।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पीएचसी सल्टौआ में वेबकास्ट के माध्यम से एएनएम, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को दिखाना था। पहले तो काफी देर तक अव्यवस्था के चलते कार्यक्रम काफी देर तक चल नहीं सका और कुछ समय बाद चला तो बैठने की उचित व्यवस्था न होने के चलते आंगनबाड़ी कार्यकर्ता नाराज होकर प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. सचिन के पास पहुंच कर शिकायत करने लगीं। इससे डॉक्टर सचिन नाराज होकर वहां से हट गए। इसके बाद सभी ने अस्पताल कर्मियों और डॉक्टर के खिलाफ विरोध जताते हुए सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाया। आरोप लगाया गया कि जब कोई स्वास्थ्य व बाल विकास परियोजना का संयुक्त कार्यक्रम रहता है तो डॉक्टर अभद्रता करते हैं। इस मामले को लेकर ब्लॉक अध्यक्ष सरोज शुक्ल के नेतृत्व में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता नीलम, शकुंतला, शशिकला, पूर्णिमा, पुष्पावती, सीमा, दुर्गवती, मनीषा, रीना, उषा समेत एक दर्जन लोगों ने डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई के लिए डीएम को संबोधित ज्ञापन बीडीओ को दिया। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. सचिन कुमार ने बताया तकनीकी खराबी के कारण कार्यक्रम ठीक से नहीं चल रहा था। इसको लेकर वह लोग नाराज हो गईं। अभद्रता का आरोप निराधार है।