49,600 क्विंटल गन्ना पेरने के बाद थमा पहिया
मुंडेरवा शुगर मिल का पेराई सत्र समाप्त
सफल रहा ट्रायल, 15 दिन तक चलाई गई मिल
अमर उजाला ब्यूरो
मुंडेरवा। नव निर्मित मुंडेरवा शुगर मिल का पहिया बुधवार को 49600 क्विंटल गन्ना पेरने के बाद थम गया। 15 से 30 अप्रैल तक चली मिल का ट्रायल सफल रहा।
महाप्रबंधक ब्रजेन्द्र द्विवेदी ने बताया कि 15 अप्रैल से नवनिर्मित शुगर मिल को ट्रायल के तौर पर चलाया गया। 50 हजार क्विंटल गन्ना प्रतिदिन पेराई क्षमता वाली मिल को 15 से लेकर 30 अप्रैल तक महज 49600.44 क्विंटल गन्ना ही उपलब्ध हो सका, जो सिर्फ एक दिन की पेराई के लिए ही है। बताया कि दो-तीन दिन गन्ने को डंप करके चार-पांच घंटे के लिए शुगर मिल को चलाया जाता रहा। कहा कि प्रथम बंदी नोटिस 24 अप्रैल को, द्वितीय बन्दी नोटिस 25 अप्रैल को जारी कर दिया गया था। 26 अप्रैल को डीएम डॉ. राजशेखर ने शुगर मिल के निरीक्षण के बाद जीएम को निर्देशित किया कि 26 के बजाय मिल की पेराई 30 अप्रैल को की जाए। जीएम ने बताया कि 26 से लेकर 30 अप्रैल तक मात्र चार हजार क्विंटल गन्ना ही मिल पर आ सका। इससे 30 अप्रैल क ी रात्रि में पेराई कर बुधवार को दस बजे शुगर मिल की पेराई बंद कर दी गई। जीएम ब्रजेन्द्र द्विवेदी ने बताया कि शुगर मिल के ट्रायल में छोटी-छोटी दिक्कतें आईं, जिसे कार्यदायी संस्था ने दूर कर दिया है। कहा कि 30 अप्रैल को एमडी ने निर्देशित किया है कि मई के आखिरी सप्ताह में सभी कार्य पूर्ण करा लिए जाएं।