बस्ती। खैर ट्रस्ट के वक्फ संख्या 38 की संपत्तियों को हड़पने की जांच के लिए कमेटी बनाई गई है। एसडीएम सदर की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय अधिकारियों की जांच टीम बनाई गई है। यह कार्रवाई सीएम के निर्देश पर हो रही है। डीएम अरविंद सिंह ने बताया कि सीएम से खैर ट्रस्ट के वक्फ संख्या 38 की संपत्तियों के हड़पने की शिकायत करते हुए जांच कराने की मांग की गई थी। इस संबंध में संयुक्त सचिव शासन अल्पसंख्यक कल्याण एवं वक्फ की ओर से हड़पी गई संपत्तियों की जांच के लिए कराने के लिए लिखा गया। वक्फ की संपत्तियों को हड़पने के साथ होने वाली आय में हेराफेरी करने का भी आरोप था। बताया कि जांच के लिए एसडीएम सदर, बीएसए के वित्त एवं लेखाधिकारी और जिला लेखा परीक्षा विभाग को नामित किया गया है। अल्प संख्यक कल्याण अधिकारी आरएस पांडेय ने बताया कि जांच टीम को स्मार पत्र भेजा गया है, अभी तक जांच रिपोर्ट नहीं मिली है। इससे पहले भी वक्फ की संपत्तियों के दुरुपयोग करने की शिकायतें शासन और प्रशासन में होती रही है।