140 किलो खोया, 210 किलो दूषित मिठाई बरामद
बस्ती। प्रशासन दीपावली में दूषित खाद्य पदार्थ न बिकने पाए, उसके लिए लगातार अभियान चला रहा है। इसी कड़ी में जांच के लिए निकली टीम ने रोडवेज पर लावारिस हाल में 140 किलो खोया व 210 किलो दूषित मिठाई बरामद की है। इसे टीम ने जब्त कर लिया है। इसी प्रकार शहरी क्षेत्र के विभिन्न मिठाइयां व खानपान की दुकानों से टीम ने खाद्य पदार्थों का नमूना एकत्रित कर जांच के लिए भेजा है।
अभिहित अधिकारी अपूर्व श्रीवास्तव ने बताया कि टीम ने बल्ला स्वीट, गांधीनगर से खोया व लड्डू का नमूना लिया। एपीएन इंटरप्राइजेज गांधीनगर से चना बर्फी, बीमार्ट रोडवेज से बेसन लड्डू व बेसन का नमूना लिया। सुपर मार्ट, मनहनडीह से चीप्स व मखाना, ड्राई फ्रूट का नमूना एकत्रित किया है।
सभी संकलित नमूनों को राजकीय खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला, लखनऊ के लिए भेजा गया है। इसी कड़ी में विशेषरगंज बाजार में खाद्य कारोबार करने वाले व आम जनता को जागरूक करते हुए मिठाई की जांच की। खाद्य टीम में सुशील कुमार मिश्र, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी भानु प्रताप सिंह, धनंजय सिंह, दिनेश चौधरी एवं गीता त्रिपाठी मौजूद रहीं।