यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए बनाए गए 133 केंद्र
14 दिसंबर तक केंद्र निर्धारण पर कर सकते हैं आपत्ति
हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में कुल 87248 विद्यार्थी पंजीकृत
बस्ती। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2022-23 के लिए केंद्रों का निर्धारण कर दिया गया है। जिले में इस बार 133 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
बोर्ड ने रविवार को वेबसाइट पर भी केंद्रों की सूची अपलोड कर दी। परीक्षा को नकल विहीन कराने के लिए वेबकास्टिंग होगी, जिसका कंट्रोल रूम डीआईओएस कार्यालय में होगा।
जिले में कुल 382 विद्यालय हैं, जिसमें 23 राजकीय, 70 सहायता प्राप्त और 289 वित्तविहीन स्कूल शामिल हैं। बोर्ड ने परीक्षा कराने के लिए 133 केंद्र प्रस्तावित किया है। उस पर 14 दिसंबर तक आपत्तियां मांगी गई हैं। पिछले वर्ष 120 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। वहीं, इस सत्र में कुल 87248 विद्यार्थी पंजीकृत हैं।
हाईस्कूल में 45640 तथा इंटरमीडिएट में 41608 छात्र-छात्राएं हैं। यह संख्या पिछले सत्र की तुलना में 13 हजार 232 विद्यार्थी अधिक है। इस कारण पिछले सत्र की अपेक्षा इस बार 13 केंद्र अधिक बनाए गए हैं। परीक्षा को नकल विहीन कराने के लिए बोर्ड ने सभी केंद्रों का तहसील स्तर पर एसडीएम के नेतृत्व में गठित टीम ने भौतिक सत्यापन किया था, जिसके रिपोर्ट के आधार पर बोर्ड ने परीक्षा केंद्रों की सूची जारी कर दी है।
परीक्षा नकल विहीन कराने के लिए सभी केंद्रों पर प्रत्येक कक्ष में वाइस रिकॉर्डर युक्त सीसीटीवी कैमरा और वाइस रिकॉर्डिंग के लिए डीवीआर और राउटर डिवाइस लगाने के लिए निर्देशित किया है।
बोर्ड की ओर से रविवार को परीक्षा केंद्रों की सूची जारी कर दी गई। अगर केंद्र को लेकर किसी प्रधानाचार्य को कोई शिकायत है तो वह 14 दिसंबर तक कार्यालय में आपत्ति कर सकता है।
-डीएस यादव, डीआईओएस