हांगकांग खेलने जाएगी बस्ती की शताक्षी
बस्ती।
सिविल लाइंस बस्ती में रहने वाली शताक्षी का चयन जूनियर एशियन महिला हैंडबॉल चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में हुआ है।
वर्तमान में साई सेंटर सरोजनीनगर लखनऊ में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही शताक्षी पाल का चयन पटियाला में आयोजित चयन ट्रायल्स के आधार पर हुआ है। अच्छे प्रदर्शन के आधार पर शताक्षी ने भारतीय टीम में जगह बनाई है। हांगकांग में 23 जुलाई से दो अगस्त तक जूनियर एशियन महिला हैंडबॉल चैंपियनशिप प्रतियोगिता होगी। जिले की यह होनहार खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर की कई प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुकी है। क्रीड़ाधिकारी और हैंडबॉल प्रशिक्षक सुरेश बोनकर ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर पर दो बार कांस्य पदक भी प्राप्त किया है। हैंडबाल संघ के सचिव अजय श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष राणा दिनेश प्रताप सिंह, शिवशंकर, सर्वेश्वर दयाल श्रीवास्तव, रणधीर यादव, अकरम महमूद आदि ने बधाई दी है।