इनकम टैक्स कार्यालय के पांच कर्मियों सहित 12 संक्रमित
बस्ती। जिले में कोरोना मरीजों के मिलने का सिलसिला जारी है। शनिवार को 632 लोगों की कोरोना जांच रिपोर्ट जारी की गई, जिसमें 620 निगेटिव और 12 संक्रमित मिले हैं। इसके अलावा कोरोना से छह स्वस्थ भी हुए हैं। 12 में से संक्रमित इनकम टैक्स कार्यालय से जुड़े हैं, वहीं, एक मरीज पीजीआई में भर्ती है। शेष महिला चिकित्सालय में गर्भवती पॉजिटिव मिली हैं। बाकी को होम आइसोलेट किया गया है।
सीएमओ डॉ. एचडी अग्रवाल ने बताया कि अब जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 33 हो गई है। विभिन्न स्थानों से कोरोना जांच के लिए 530 सैंपल लिए गए हैं। जांच के लिए मेडिकल कालेज में भेजा गया है। कोरोना के प्रति सतर्कता बरतने के लिए लोगों को हिदायत दी जा रही है। कोरोना से बचाव के लिए बाजार व भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर जाने से बचें। सतर्कता बरतें।
डीएम प्रियंका निरंजन ने जिले के सभी लोगों से अपील की है कि कोरोना संक्रमण को देखते हुए प्रोटोकॉल का पालन करें। कहा कि जिन लोगों को प्रीकॉशन डोज नहीं लगी है वे जरूर लगवा लें। रविवार को जिला मुख्यालय स्थित टाउन क्लब में टीकाकरण का शिविर आयोजित किया गया है।