अवध विश्वविद्यालय की बैक पेपर परीक्षा शुरू
बभनान। डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय की बैक पेपर परीक्षा 16 अक्तूबर से शुरू हो गई। यह परीक्षा 19 अक्तूबर तक चलेगी। बैक पेपर परीक्षा तीन पारियों में सात से दस, 11 से दो तथा तीन से छह बजे तक कराई जा रही है। आचार्य नरेंद्र देव पीजी कॉलेज बभनान के प्राचार्य प्रभाकर मिश्र ने बताया कि मनकापुर, मसकनवा, गौरा चौकी, निपनिया, हकीकउल्ला चौधरी धारीघाट क्षेत्र के कुल 16 महाविद्यालयों की बैक पेपर परीक्षा का केन्द्र महाविद्यालय को बनाया गया हैं। बैक पेपर परीक्षा में बीए बीएससी भाग एक, दो व तीन के लगभग 3000 छात्र-छात्राओं ने मंगलवार को परीक्षा दी। परीक्षा प्रभारी एसके पांडेय ने बताया कि मंगलवार को हुई परीक्षा में प्रथम पाली में 698 में से 34 बच्चे अनुपस्थित रहे, वहीं, दूसरी पाली में 848 बच्चों में 35 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे, जबकि तृतीय पाली में 498 से 17 अनुपस्थित रहे।