बनकटी। लालगंज थाना क्षेत्र के बनकटी कस्बे में ग्राहक सेवा केंद्र से 11 हजार रुपये निकाल कर घर जा रहे वृद्ध को उचक्कों ने चकमा देकर ठगी कर ली। आरोप है कि रुपये गिनने के बहाने उचक्का उसे कागज की गड्डी थमा कर भाग गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मुंडेरवा थाना क्षेत्र के गंगौरा निवासी रामजीत ने बताया कि सोमवार को वह दोपहर बाद 11 हजार रुपये निकाल कर घर जा रहे थे। 100 मीटर दूर जाने पर कस्बे में ही अज्ञात व्यक्ति पीछे से बाइक लेकर पहुंचा। उसने कहा कि रुपये कम हैं। बातों में उलझाकर वह रुपये हाथ में लेकर गिनने लगा। इसी दौरान उसने रुपयों के बीच कागज डाल दिया। एकांत जगह पर आकर उसने देखा तो रुपये की जगह कागज निकला। पुलिस ने बताया कि टीमें भेज कर सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। संवाद