मानिकचंद(बस्ती)। रुधौली थाना क्षेत्र के उमरा खास गांव में धान कूटने की मशीन के सॉफ्ट में शाल फंसने से मंगरा देवी(55) की मौत हो गई। हादसा बृहस्पतिवार सुबह करीब 10 बजे हुआ। गांव के राधेश्याम गुप्ता ने ट्रैक्टर से चलने वाली धान कूटने की मशीन ले रखी है। बृहस्पतिवार सुबह करीब 10 बजे मंगरा देवी धान कुटाने के लिए मशीन मालिक से समय लेने गईं। बताया जा रहा है कि बात करने के लिए मशीन और ट्रैक्टर के बीच लोहे के शाफ्ट के करीब पहुंच गईं। दूसरी तरफ जरा सा ध्यान भटकते ही मंगरा देवी शाल और साड़ी फंस गई। यह देख पास खड़े मशीन के मालिक दौड़कर ट्रैक्टर बंद करने लगे लेकिन तब तक मंगरा के शरीर के टुकड़े हो गए। हादसे के बाद आसपास के लोग घबरा कर भाग गए। इसी दौरान किसी ने सौ नंबर पर पुलिस को सूचना दे दी। बाद में पुलिस पहुंच गई। रुधौली के प्रभारी निरीक्षक केडी सिंह ने बताया कि शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। किसी ने तहरीर नहीं दी है।