बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय की ओर से इंजीनियरिंग डिग्री के साथ कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), मशीन लर्निंग, रोबोटिक्स की माइनर डिग्री दी जा रही है। नए सत्र से दूसरे वर्ष के विद्यार्थी इन आधुनिक पाठ्यक्रमों को विषय के रूप में चुन सकेंगे।
विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर बीटेक पाठ्यक्रम में 17 मई से प्रवेश के लिए पंजीकरण किया जा रहा है। इसमें परिसर के इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में डिग्री के साथ विद्यार्थी एआई और मशीन लर्निंग, इंटरनेट ऑफ थिंग्स (आईओटी), इंडस्ट्रियल ऑटोमेशन, इलेक्ट्रिक वाहन और रोबोटिक्स में माइनर डिग्री भी कर सकेंगे।
इसे एआईसीटीई की ओर से स्वीकृति प्रदान की गई है। इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग विभाग में 66 सीटें हैं, जिसमें लेटरल प्रवेश भी शामिल है। पाठ्यक्रम में गणित समूह से इंटरमीडिएट करने वाले व संयुक्त प्रवेश परीक्षा (मुख्य) देने वाले विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश के लिए https://admission.mjpruiums.in पर पंजीकरण किया जा सकता है। कोई समस्या होने पर आवेदक विभागाध्यक्ष से संपर्क कर सकते हैं।
अतिरिक्त डिग्री मतलब अधिक अवसर
विभागाध्यक्ष प्रोफेसर संजीव त्यागी ने बताया कि इंजीनियरिंग की अन्य शाखाओं के विद्यार्थी भी माइनर डिग्री ले सकते हैं। इसके लिए विद्यार्थियों को 20 क्रेडिट अंक दिए जाएंगे। एआई, मशीन लर्निंग, आईओटी आदि के माध्यम से विद्यार्थियों को रोजगारपरक शिक्षा दी जा रही है। इंडस्ट्री को इन आधुनिक विषयों के जानकार लोगों की जरूरत है। बीटेक में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थी दूसरे वर्ष में इन्हें विषय के रूप में चुन सकेंगे। इसके लिए अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा। आजकल एआई का चलन बढ़ा है। ई-वाहनों की मांग भी बढ़ रही है। इनसे संबंधित विषयों में विद्यार्थी को बारीक जानकारी दी जाएगी, जिससे वह अतिरिक्त स्किल हासिल करेंगे, जो उनके कॅरिअर ग्रोथ में सहायक साबित होगी। विद्यार्थी इसे विषय के रूप में चुनने के लिए स्वतंत्र है। संवाद