शाहजहांपुर जिले के बंडा थाना क्षेत्र के गांव लुखमानपुर निवासी जसकरन सिंह मंगलवार को बरेली में अपने दोस्त हरप्रीत से मिलने आया था। रात 12:30 बजे जसकरन, हरप्रीत और कृपा सिंह के साथ सलेक्शन प्वाइंट के पास खड़ा था। इसी दौरान थार गाड़ी से फरीदपुर थाना क्षेत्र के भगवानपुर फुलवा गांव का जीवन जोत सिंह अपने तीन अन्य दोस्तों के साथ वहां पहुंचा और गाड़ी से ही जसकरन और उसके दोस्तों के चक्कर लगाने लगा। इसी को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया।
आरोप है कि जीवन जोत सिंह ने इसी दौरान जसकरन को तमंचे से गोली मार दी और वहां से फरार हो गया। गोली जसकरन की गर्दन के पास लगी। घटना के बाद बुधवार को जसकरन के पिता मनमोहन सिंह बरेली पहुंचे। उन्होंने जीवन जोत और उसके तीन अज्ञात दोस्तों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। इंस्पेक्टर प्रेमनगर राजेश सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में प्रेमिका को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। रिपोर्ट दर्ज कर हमलावरों की तलाश की जा रही है।