फतेहगंज पश्चिमी। चार दिन पहले सड़क हादसे में घायल बाइक सवार युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरे युवक की हालत भी चिंताजनक बनी हुई है।
शाहजहांपुर के निगोही निवासी सलमान खान दिल्ली में रहकर प्राइवेट नौकरी करता है। दिल्ली निवासी मोहित से उसकी दोस्ती हो गई है। एक सप्ताह पहले दोनों दोस्त बाइक से शाहजहांपुर निगोही आए थे। रक्षाबंधन को मोहित को राखी बंधवाना थी। इसीलिए दोनों बाइक से दिल्ली जा रहे थे। सुबह करीब 10 बजे नेशनल हाईवे के शंखा पुल के पास वनवे रोड होने के कारण पीछे से आ रही ग्रेटर नोएडा डिपो की बस ने टक्कर मार दी। बाइक सवार सलमान और मोहित रोड पर गिरकर गंभीर घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को बरेली के निजी अस्पताल भेज दिया, जबकि रोडवेज बस और बाइक को कब्जे में ले लिया। शुक्रवार को इलाज के दौरान मोहित की अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भेजा है। वहीं, सलमान की हालत भी नाजुक बनी हुई है। संवाद